उत्तरी हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश में तापमान गिर रहा है, यह स्थिति दो दिन बनी रहेगी। राजगढ़ में न्यूनतम 10.8°C और खरगोन में अधिकतम 32.4°C तापमान दर्ज किया गया। 24 फरवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Sat, 22 Feb 2025 09:44:38 PM (IST)
Updated Date: Sat, 22 Feb 2025 09:44:38 PM (IST)

HighLights
- उत्तरी हवाओं से तापमान में गिरावट जारी।
- राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 10.8°C दर्ज।
- खरगोन में अधिकतम तापमान 32.4°C।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : उत्तरी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। इस तरह की स्थिति अभी दो दिन बनी रह सकती है। उसके बाद तापमान बढ़ने लगेगा। वहीं, शनिवार को रात का सबसे कम 10.8 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया।
हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 11 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दिन का सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकार्ड किया गया।
मौसम प्रणाली
मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्वी पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद है।
पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र से लेकर आंध्र प्रदेश के ऊत्तरी तट तक एक द्रोणिका बनी है। उत्तरी केरल से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक भी एक द्रोणिका बनी है।
तापमान में होगी बढ़ोतरी
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर स्थिति में रहने के कारण हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। इस वजह से तापमान में गिरावट होने लगी है। अभी दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। उसके बाद तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। 24 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। उसके प्रभाव से हवाओं का रुख बदलने से तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा।